धौलपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें
आत्मरक्षा हेतु सशक्त बनाने के उद्देश्य से सात दिवसीय महिला शक्ति
केन्द्रों का आगाज बुधवार को हुआ। स्थानीय पुलिस लाईन में आयोजित
कार्यक्रम में जिला कलक्टर राकेश जायसवाल एवं पुलिस अधीक्षक मृदुल
कच्छावा ने शक्ति केन्द्रों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर
राकेश जायसवाल ने कहा कि महिलाओं व बालिकाओं को प्रशिक्षण के माध्यम से
सशक्त बनाया जाकर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। महिलाओं व बालिकाओं को
सशक्त बनाने की दिशा में राजस्थान पुलिस का यह सराहनीय प्रयास है।
उन्होंने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान में जिले के 527 स्कूलों में
बालिकाओं के आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं। जिला
मुख्यालय के पन्द्रह गल्र्स स्कूल तथा कालेजों में पुलिस के ट्रेनरों का
भी सहयोग लेकर बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। पुलिस
अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने कहा कि महानिदेशक पुलिस राजस्थान ने प्रदेश की
महिलाओं व बालिकाओं को हर क्षेत्र मे आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने के लिए इस
कार्यक्रम की शुरुआत की है। सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आज एक जनवरी से
सात जनवरी तक पुलिस लाईन धौलपुर में प्रतिदिन शाम को 4 से 6 बजे तक तक
लगाया जा रहा है। जिसमें 13 वर्ष से अधिक की बालिकाओं व महिलाओं को
प्रशिक्षित ट्रेनरों द्वारा आत्मरक्षा के गुर सिखाये जाएंगे। अतिरिक्त
पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र वर्मा ने बताया कि आज शुभारंभ के पहले दिन बड़ी
संख्या में महिलाएं व बालिकाएं उपस्थित रहीं। ऐसे आयोजन से महिला तथा
बालिकाओं में आत्मरक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढेगी तथा वे सशक्त
बनेंगीं। महिलाओं व बालिकाओं को सात का दिन का आत्मरक्षा का प्रशिक्षण
पूर्णत नि:शुल्क होगा। इस अवसर पर वृत्ताधिकारी वृत्त धौलपुर देवीसहाय,
समाजसेवी बिजेन्द्र परमार, प्रभारी मानव तस्करी यूनिट रुप सिंह पुलिस
निरीक्षक, एलओ मोहन सिंह व हवलदार मेजर अजब सिंह सहित अन्य अधिकारी
कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
आत्मरक्षा प्रशिक्षण से बालिकाएं बनेगी सशक्त : जयसवाल