धौलपुर में जग रही महिला सशक्तिकरण की अलख
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हुआ कार्यक्रम,बालिकाओं ने दिया आत्मरक्षा का डैमो
धौलपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे
महिला सप्ताह का समापन रविवार को धौलपुर पंचायत समिति परिसर में हुआ।
महिला सशक्तिकरण की थीम के साथ संपन्न हुए आयोजन में छात्राओं ने
आत्मरक्षा का डेमो दिया तथा भामाशाहों का सम्मान किया गया। इस मौके पर
अपने संबोधन में जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि जिले में अब
महिला सशक्तिकरण की अलख जग रही है। जिले के करीब बारह सौ स्कूलों में
छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आत्मरक्षा के
प्रशिक्षण के बाद में बेटियों के आत्मविश्वास में बढोतरी हुई है। साथ ही
वह किसी भी विपरीत परिस्थिति में खुद की रक्षा करने में भी सक्षम बन गईं
हैं। अब तमाम कार्यक्रमों का संचालन बेटियां कर रहीं हैं। उन्होंने कहा
कि जिले की स्कूलों की तस्वीर बदलने का काम चल रहा है। नीति आयोग के
सहयोग से अब स्कूलों में फर्नीचर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके बाद में
जिले के सरकारी स्कूलों में भी निजी स्कूलों की तर्ज पर सुविधाएं विकासित
हो सकेंगीं। उन्होंने कहा जिले के डांग इलाके में शिक्षा के विकास को और
अधिक तेजी दी जाएगी। कि धौलपुर में बेटियों के सशक्त होने के रूप में
इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। आगामी स्वाधीनता दिवस पर जिले की
बालिकाएं संयुक्त रुप से आत्मरक्षा का डैमो देंगीं,जो अपने आप में पूरे
देश में एक रिकार्ड बनेगा। समारोह में जिला कलक्टर की धर्मपत्नी श्रीमती
विनीता जायसवाल ने आत्मरक्षा के डैमो का शुभारंभ किया तथा संभागी बालिकाओं
को भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर करीब दो हजार स्कूली
बालिकाओं ने आत्मरक्षा के डैमो के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की
मनोहारी प्रस्तुति दी। आरंभ में धौलपुर के मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी
दामोदर लाल मीना ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। अंत में
महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक रामरज मीना ने आभार व्यक्त किया।
आयोजन में उप जिला कलक्टर आशीष श्रीवास्तव तथा मुख्य चिकित्सा एवं
स्वास्थय अधिकारी डा. गोपाल गोयल सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन चंचल शर्मा,दीपिका एवं भव्या दीक्षित ने संयुक्त रुप
से किया।
धौलपुर में जग रही है महिला सशक्तिकरण की अलख