रसोई गैस की कीमतों को वापस लेने की मांग
महिला कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन
धौलपुर। रसोई गैस की कीमतों में की गई बढोतरी के विरोध में महिला
कांग्रेस की ओर से गुरूवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। विरोध प्रदर्शन
के बाद में प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन उप जिला कलक्टर को सोंपा गया।
ज्ञापन में जनहित को देखते हुए रसोई गैस की कीमतों को वापस लेने की मांग
की गई है। दो दिन पहले केन्द्र द्वारा रसोई गैस की कीमतों में की गई
बढोतरी के विरोध में धौलपुर में महिला कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। जिला
महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष कुमारी श्वेता यादव के नेतृत्व में महिलाओं
ने पुराना शहर इलाके में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने गैस
सिलेंडर को माला पहनाकर एक ओर रखा तथा चूल्हे पर खाना बनाकर बढोतरी का
प्रतीकात्मक विरोध जताया। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष यादव ने गैस
सिलेंडर को अपने हाथ में उठाकर विरोध जताया। महिलाओं ने केन्द्र सरकार के
विरोध में जमकर नारेबाजी भी की। विरोध प्रदर्शन के बाद में महिलाएं
कलक्ट्रेट पंहुची तथा उप जिला कलक्टर आशीष श्रीवास्तव को ज्ञापन सोंपा।
महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष कुमारी श्वेता यादव ने बताया कि केन्द्र
सरकार ने दो दिन पूर्व घरेलू गैस सिलेंडरों का दाम एक झटके मे 145 रुपए
बढ़ाकर सभी गृहणियों के ऊपर बहुत बड़ा बोझ लाद दिया है। मंहगाई की मार से
त्रस्त आम नागरिक के लिए यह एक बेरहम कदम है। प्रधानमंत्री को जनहित में
रसोई गैस की कीमतों में की गई बढोतरी को वापस लेना चाहिए। इसी क्रम में
आज महिला कांग्रेस की ओर से विरोध प्रदर्शन के बाद में जिला कलक्टर के
माध्यम से प्रधानमंत्री को एक ज्ञापन भेजा गया है।
महिला कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन ,पीएम को भेजा ज्ञापन