सेवा सहयोग और समर्पण के सौ दिन हुए पूरे

सेवा,सहयोग,सहजता, समन्वय और समर्पण के सौ दिन हुए पूरे



डीएम जायसवाल ने सौ दिन में कर दिया कमाल,आशान्वित कार्यक्रम में देश में
अव्वल रहा धौलपुर,मतदाता सत्यापन कार्यक्रम में सूबे में प्रथम
-प्रदीप कुमार वर्मा
धौलपुर। किसी मशहूर शायर का शेर...एक पत्थर की भी तकदीर संवर सकती
है,शर्त यह है कि उसे सलीके से तराशा जाए....धौलपुर जिले के मिजाज पर
सटीक बैठती दिखाई पड रही है। महज सौ दिन में ही सेवा,सहयोग, सहजता,समन्वय
और समर्पण की मिसाल कायम करते हुए डीएम राकेश कुमार जायसवाल ने अपने छोटे
से कार्यकाल में यह कमाल कर दिखाया है। बीते सौ दिन में धौलपुर जिला
केन्द्र सरकार के नीति आयोग के आशान्वित जिला कार्यक्रम की सूची में पूरे
देश में अव्वल आया। वहीं, मतदाता सत्यापन कार्यक्रम में धौलपुर जिला पूरे
सूबे में पहली पायदान पर रहा। इसके अलावा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन
में पारदर्शिता के साथ आई तेजी ने भी धौलपुर जिले की विकास की रफ्तार को
पंख लगा दिए हैं।
                केन्द्र सरकार की नीति आयोग द्वारा पूरे देश में संचालित किए जा रहे
आशान्वित जिला कार्यक्रम के तहत देश में ऐसे 112 जिलों को शामिल किया गया
है,जहां विकास की विपुल संभावनाएं हैं। इनमें से राजस्थान के पांच
जिले-धौलपुर,बारां, जैसलमेर, सिरोही और करौली शामिल हैं। इस कार्यक्रम के
तहत 2022 तक नये भारत के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
जिसके तहत  पांच सेक्टर के कुल 49 इंडीकेटर्स शामिल किए गए हैं। इस
कार्यक्रम के तहत नीति आयोग द्वारा जारी डेल्टा रैंकिग में धौलपुर जिला
112 जिलों में से देश में प्रथम स्थान पर आया है।
                धौलपुर जिले की इस उपलब्धि में धौलपुर में महज सौ दिन पूर्व पदस्थापित
किए गए जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल की महती भूमिका है। उनके
कार्यग्रहण के समय धौलपुर जिला 111वीं रैंक पर था। उन्होंने जिले को इस
रैंक से बाहर लाने के लिए सर्वप्रथम विशेष रणनीति अपनाकर  मनन एवं चिन्तन
करते हुए स्वास्थ्य एवं पोषण  क्षेत्र के पैरामीटर का धरातल पर जाकर अथक
प्रयास कर किए। नतीजतन धौलपुर जिले ने इतनी बडी छलांग लगाई और खुद को
विकास के मापदंडों पर पहली पायदान पर स्थापित किया। इस राष्ट्रीय
कार्यक्रम में उपलब्धि अर्जित करने पर प्रदेश के मुखिया अशोक गहलोत ने भी
टवीट करके जिला कलक्टर राकेश कुमार और उनकी पूरी टीम को बधाई दी।
                चुनाव आयोग के निर्देश पर संचालित मतदाता सत्यापन कार्यक्रम में धौलपुर
जिला पूरे प्रदेश के सभी 33 जिलों में पहले नंबर पर रहा। यह उपलब्धि उस
समय और महत्वपूर्ण हो जाती है,जब जिले में अपर
जिलाधिकारी,उपखंडाधिकारी,तहसीलदार और नायब तहसीलदार समेत अन्य प्रशासनिक
अधिकारियों के पद रिक्त चल रहे थे। ऐसे में मतदाता सत्यापन कार्यक्रम में
धौलपुर जिले ने पहले पायदान पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। पंचायत चुनाव की
हालिया तैयारियों में भी धौलपुर जिला बेहतर हालात में है।
                धौलपुर जिला कलक्टर राकेश कुमार का सौ दिन का कार्यकाल जिले में कई
नवाचारों के लिए खासा चर्चित रहा है। सरकारी स्कूलों में खाली पडी जमीन
पर किचन गार्डन विकसित करने की योजना से स्कूलों में सब्जियां उगाई जा
रहीं हैं। इस कवायद से मिड डे मील कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को ताजी
सब्जियां सुलभ हो रहीं हैं। इसके अलावा कई सालों से बंद पडी कम्पयूटर
लैबों को फिर से दुरस्त करने का काम किया जा रहा है। इस कवायद से स्कूली
बच्चों को कम्पयूटर की तालीम मिल सकेगी। इसके लिए जिला कलक्टर राकेश
कुमार जायसवाल ने समग्र शिक्षा अभियान के अधिकारियों को जिम्मा सोंपा है।
                धौलपुर जिले की महिला तथा स्कूली बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण
भी एक ऐसा ही सराहनीय नवाचार है। इस कवायद में स्कूलों में सुरक्षा
समन्वयकों की निुयक्ति कर उन्हें मास्टर ट्रेनर के रूप में आत्मरक्षा का
प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद में यह सुरक्षा समन्वयक अपने
अपने स्कूलों में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान करेंगीं।
इसके अलाव एक विशेष व्हाटसअप ग्रुप भी विकसित किया जा रहा है। इस ग्रुप
में स्कूली बालिकाओं को पुलिस की महिला शक्ति दल से जोडा जाएगा। किसी
अनहोनी,छेडछाड तथा अन्य किसी अप्रिय स्थिति में बालिकाओं की आवश्यकता के
अनुसार महिला शक्ति दल की कमांडो मौके पर पंहुचकर उनकी समस्याओं का
समाधान करेंगीं।
                धौलपुर के जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल का एक नवाचार सदर अस्पताल
में डाक्टरों को दिखाने के लिए ओपीडी का पर्चा बनाने वालों को लंबी लाईन
के इंतजार से निजात दिलाने वाला साबित हुआ है। इस नवाचार में जिला
मुख्यालय के ई मित्र संचालकों के माध्यम से रोगियों के लिए पर्चा बनाया
जा रहा है। इस प्रक्रिया में सदर अस्पताल में जाने से पूर्व ही लोग अपने
नजदीकी ई मित्र पर आउटडोर का पर्चा बनवा रहे हैं। वहीं,जिले के दूरदराज
से आने वाले ग्रामीणों को भी यह सुविधा खूब भा रही है। समूचे प्रदेश एवं
संभवत: देश में यह ऐसा अनूठा प्रयोग है,जिसके माध्यम से सरकारी अस्पताल
में उपचार कराने वाले लोगों को ई मित्र के जरिए अपना पंजीकरण कराने की
सुविधा मिल रही है।
                राम जन्मभूमि मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए निर्णय के बाद में
राजस्थान और पूरे देश में तनाव के हालात बने थे। लेकिन जिला कलक्टर राकेश
कुमार जायसवाल ने विभिन्न धर्म और संप्रदाय के नुमाइंदों के साथ में सीधा
संवाद करके हालात को सामन्य रखा। पूरे प्रदेश में सिर्फ धौलपुर जिले में
ही बारावफात का जुलूस अमन और चैन से निकाला गया। जिला कलक्टर राकेश कुमार
जायसवाल के प्रयासों तथा सूझबूझा से इस दौरान ना केवल थानों में शांति
समितियों की बैठकें हुईं,बल्कि कौमी एकता के प्रतीक कहे जाने वाले शाह
अब्दाल शाह के दरबार में मुस्लिमों के साथ हिन्दू,सिख और ईसाई धर्म के
धार्मिक प्रतिनिधियों ने भी अपनी हाजिरी लगाकर धौलपुर की कौमी एकता की
मिसाल को कायम रखा।
                धौलपुर जिले के राजाखेडा कसबे में जन्मे तथा राजाखेडा और बसेडी में
अपनी शिक्षा दीक्षा पूरी करने वाले जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल आमजन
के साथ सीधा संवाद करने के कारण भी लोगों की पसंद हैं। करीब बीस साल
धौलपुर में ही अपर जिलाधिकारी के रूप में पदस्थापित रहे जिला कलक्टर
राकेश कुमार जायसवाल को अपने पुराने प्रशासनिक अनुभवों का भी लाभ मिल रहा
है। दीपावली पर बाजार में व्यापारियों से संपर्क कर उन्हें दीपावली की
मुबारकबाद देने का मामला हो,या कोई भी सरकारी आयोजन में जिला कलक्टर
जायसवाल ने लोगों से सीधा और सतत संवाद जारी रखा। जिले के इंतिहास में यह
पहला मौका था,जब जिले के सबसे बडे प्रशासनिक अधिकारी ने सडक पर पैदल
लोगों से रुबरू होकर उनकी कुशल क्षेम पूछी और दीपावली की शुभकामनाएं भी
दीं।
                इस सबके इतर जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल के सौ दिन के छोटे से
कार्यकाल में धौलपुर चंबल सफारी का शुभारंभ,स्वास्थय योजनाओं को अमलीजामा
पहनाने के लिए एएनएम से सीधा संवाद, तालाब-ए-शाही सरीखी मुगलकालीन विरासत
को संवारने की कवायद,चंबल से बजरी दोहन में कमीं लाने तथा सामाजिक
सरोकारों से सीधा जुडाव एवं गरीब तथा वंचितों की पैरोकारी उन्हें हर आम
और खास की पसंद बना रहा है। अब देखना है कि जिले की प्रशासनिक टीम के
कप्तान के रुप में जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल धौलपुर जिले को विकास
के कितने सोपानों को जिताते हैं।