गणतंत्र दिवस पर दिखेगा बेटियों का दमखम

गणतंत्र दिवस पर बेटियों का आत्म रक्षा प्रदर्शन रहेगा मुख्य आकर्षण
करीब चालीस हजार बालिकाओं को दिया गया प्रशिक्षण
धौलपुर। धौलपुर जिले में गणतंत्र दिवस पर बेटियों का आत्मरक्षा प्रदर्शन
इस बार मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेगा। शहर के आरएसी लाईन मैदान पर इस
संबंध में पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर
से बेटियों को सहयोग एवं संबल प्रदान करने की अपील की गई है। जिला कलक्टर
राकेश कुमार जायसवाल ने बताया कि इस बार गणतंत्र दिवस के अवसर पर बालिका
छात्रावास प्रेरणानगर एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पुरानी छावनी की
दो सौ पचास छात्राओं के प्रशिक्षकों एवं जिला पुलिस अधीक्षक के सहयोग से
पुलिस लाइन की आत्मरक्षा दल की महिलाओं द्वारा आत्मरक्षा एवं विभिन्न
प्रकार के कौशलों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा जिले के समस्त
उपखंड एवं तहसील स्तर तथा जिले के समस्त उच्च माध्यमिक, माध्यमिक, उच्च
प्राथमिक एवं प्राथमिक विद्यालय में भी बालिकाओं का आत्मरक्षा कौशल का
प्रदर्शन किया जाएगा। यह समारोह महिला सशक्तिकरण की दिशा में अभिनव
प्रयोग है। इससे यदि कोई भी व्यक्ति लड़की को परेशान अथवा छेडखानी करता
है तो लड़कियां ना केवल आत्मविश्वास के साथ उनका सामना कर सकेंगी बल्कि
उनके आत्म सम्मान में वृद्धि होगी। समारोह में आत्मरक्षा वाहिनी के नाम
से गठित छात्राओं की टीम को 250 ट्रेक सूट उपलब्ध कराये गये हैं।
उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिले
की लगभग 40 हजार बालिकाओं को राजकीय उच्च माध्यमिक, माध्यमिक एवं उच्च
प्राथमिक विद्यालयों मे नियमित प्रशिक्षण दिया जाकर उनके स्वाभिमान में
वृद्धि एवं बालिका शिक्षा सशक्तिकरण के हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं।
बालिकाओं की सुरक्षा के लिए समस्त ब्लॉकों में आत्म रक्षा समन्वयक
वहाटसएप ग्रुप बनाये गये हैं। जिसमें प्रत्येक विद्यालय से एक एक महिला
आत्मरक्षा प्रभारी को जोड़ा गया है। छात्राओं को कोई भी शिकायत होने पर
तुरन्त ग्रुप पर समस्या प्रस्तुत की जायेगी और शीघ्र समाधान हेतु पुलिस
प्रशासन की मदद मिल सकेगी।