राजाखेड़ा क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता: रोहित

धौलपुर। धौलपुर जिले की राजाखेडा विधान सभा क्षेत्र के विधायक रोहित
बौहरा ने बुधवार को नव क्रमोन्नत मनियां तहसील का उदघाटन किया।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने बजट भाषण में मनियां उप तहसील को तहसील
में क्रमोन्नत करने की घोषणा की गई थी। इस मौके पर उपस्थित जन समुदाय को
संबोधित करते हुए राजाखेडा विधायक रोहित बौहरा ने कहा कि राजाखेडा
क्षेत्र का विकास उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस संबंध में
बिजली,पानी,सडक,सुरक्षा,रोजगार तथा कृषि विकास के लिए वह काम कर रहे हैं।
राजाखेडा विधान सभा क्षेत्र के मनियां की जनता की सालों पुरानी मांग को
पूरा करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 2019-20 के अपने बजट में मनियां
को तहसील बनाने की घोषणा की थी। इस घोषणा को बमली जामा पहनाते हुए आज
मनियां को तहसील बनाया गया है। मनियां के तहसील बनने के बाद में अब इस
क्षेत्र के लोगों को अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अब धौलपुर नहीं
जाना पडेगा। जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि मनियां तहसील
बनने के बाद में अब इलाके के सभी राजस्व संबंधी काम मनियां में ही
संपादित किए जाएंगे। इससे लोगों को सहूलियत मिलेगी। धौलपुर के
उपखंडाधिकारी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि तहसील धौलपुर में वर्तमान में
11 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त व 42 पटवार मंडल एवं 212 राजस्व ग्राम शामिल
है। उन्होंने बताया कि तहसील धौलपुर के 5 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त व 20
पटवार मंडल एवं 94 राजस्व ग्रामों को शामिल करते हुए वर्तमान उप तहसील
मनियां को तहसील के रूप में क्रमोन्नत किया गया है। कार्यक्रम में पुलिस
अधीक्षक मृदुल कछावा, मनियां के कार्यवाहक तहसीलदार भगवत शरण
त्यागी,धौलपुर पंचायत समिति के प्रधान देवेन्द्र प्रताप सिंह
जादौन,राजाखेडा के पूर्व उप प्रधान राजकुमार तोमर,कांग्रेस के कार्यकारी
जिलाध्यक्ष साकेत बिहारी शर्मा,महासचिव प्रमोद शर्मा एवं कांग्रेस नेता
राजेश सिकरवार समेत अन्य मौजूद रहे।