धौलपुर। धौलपुर जिला पुलिस ने बुधवार को जिले के डांग इलाके में एक बडी
कार्रवाई करते हुए दस्यु विशाल गुर्जर को गिरफ्तार किया है। दस्यु विशाल
गुर्जर दस्यु जगन और केशव गुर्जर का साथी रहा है। दस्यु विशाल गुर्जर की
गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से छह हजार रुपए का ईनाम घोषित है। जिला पुलिस
अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि जिले के बसई डांग थाना पुलिस को डांग
इलाके में दस्यु विशाल गुर्जर के मूवमेंट के बारे में सूचना मिली थी। इस
सूचना में दस्यु विशाल गुर्जर के रामपुरा चौराहा से चन्द्रपुरा की घटिया
से होते हुए ग्राम चन्द्रपुरा जाने के की बात कही गई थी। इस सूचना पर बसई
डांग थाना पुलिस ने डांग इलाके में चंदीलपुरा की घाटी में ईनामी इस्यु
विशाल गुर्जर को धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक कच्छावा ने बताया कि दस्यु
विशाल गुर्जर निवासी सुख सिंह का पुरा थाना बसईडांग जिला धौलपुर की
गिरफ्तारी पर जिला पुलिस की ओर से पांच हजार तथा जिला पुलिस अधीक्षक
भरतपुर की ओर से एक हजार का ईनाम घोषित है। दस्यु विशाल गुर्जर पर भरतपुर
जिले के रुदावल थाने से लूट,अपहरण, चोरी व हत्या का प्रयास जैसे संगीन
मामले दर्ज हैं। इसके अलावा धौलपुर जिले में बसई डांग थाना व सदर धौलपुर
थाने में भी लूट एवं हत्या के प्रयास जैसे मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक
कच्छावा ने बताया कि दस्यु विशाल गुर्जर डकैत पप्पू गुर्जर का साला है
तथा अधिकतर पप्पू के साथ रहता है। दस्यु विशाल गुर्जर कुख्यात दस्यु जगन
डकैत व केशव डकैत का भी साथी रहा है।
डांग इलाके में पुलिस की कार्रवाई 6 हजार का इनामी दस्यु विशाल गुर्जर गिरफ्तार